बानसूर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: कुख्यात एएम-8584 गिरोह के सरगना समेत 7 गिरफ्तार, 14 हथियार बरामद
8 नवंबर की फायरिंग वारदात का भी पर्दाफाश
अलवर। राजस्थान में कोटपूतली-बहरोड़ जिला पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान 'ऑपरेशन आर्म्स क्लीन' के तहत बानसूर में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।पुलिस ने कुख्यात 'ए एम-8584' गिरोह के कथित सरगना अमन मीणा सहित सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक नाबालिग भी शामिल है। आरोपियों के कब्जे से कुल 14 अवैध हथियार, 15 कारतूस और मैगजीन बरामद की गई हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय अवैध हथियारों के नेटवर्क और गिरोह की गतिविधियों का खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में अमन मीणा (22), रितिक सुरेला (19), विकास मीणा (20), तेजपाल सिंह (19), संजय कुमार (28), निखिल बाल्मिकी (19) और एक नाबालिग शामिल हैं। इनसे 10 देशी कट्टे, तीन देशी पिस्तोल, एक देशी रिवॉल्वर, मैगजीन और 15 जिंदा कारतूस जब्त किए गए हैं।
पुलिस ने इस कार्रवाई से आठ नवंबर को बानसूर क्षेत्र में हुई गोलीबारी और जानलेवा हमले की वारदात का भी खुलासा किया है।

Comment List