संविदा सफाई कर्मचारी भर्ती में अभ्यर्थियों को बड़ी राहत, आवेदन की अंतिम तिथि 13 अक्टूबर तक बढ़ी
24,752 पदों पर भर्ती के लिए अब 13 अक्टूबर तक कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन
जयपुर। प्रदेश में संविदा सफाई कर्मचारी भर्ती के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को राज्य सरकार ने बड़ी राहत दी है। स्वायत्त शासन विभाग ने 24,752 पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 13 अक्टूबर 2026 कर दी है। इससे भर्ती प्रक्रिया में आवेदन से वंचित रह गए अभ्यर्थियों को एक और मौका मिल सकेगा। विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार, प्रदेश के 183 नगरीय निकायों में संविदा सफाई कर्मचारियों की भर्ती की जानी है। इसके लिए पहले ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 28 सितंबर 2026 निर्धारित की गई थी। अब इसे बढ़ाकर 13 अक्टूबर कर दिया गया है।
आवेदन की समय सीमा बढ़ाने के निर्णय से अभ्यर्थियों को आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के लिए अतिरिक्त समय मिलेगा। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित तिथि तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। स्वायत्त शासन विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। भर्ती को लेकर अभ्यर्थियों में लंबे समय से प्रतीक्षा थी। अब आवेदन की तिथि बढ़ने से उन्हें राहत मिली है।

Comment List