जयपुर पुलिस की बड़ी कामयाबी : 24 घंटे में ब्लाइंड मर्डर का खुलासा, पति ही निकला हत्यारा
सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर एक अहम सुराग मिला
सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर केस का मात्र 24 घंटे में पर्दाफाश करते हुए आरोपी को गिरफ्तार। यह मामला आनन्दलोक योजना स्थित रेलवे अंडरपास के पास मिली एक अज्ञात महिला की लाश से जुड़ा था, जिसने इलाके में दहशत फैला दी थी।
जयपुर। जयपुर पश्चिम पुलिस ने एक सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर केस का मात्र 24 घंटे में पर्दाफाश करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला आनन्दलोक योजना स्थित रेलवे अंडरपास के पास मिली एक अज्ञात महिला की लाश से जुड़ा था, जिसने इलाके में दहशत फैला दी थी। पुलिस उपायुक्त प्रशान्त किरण के निर्देशन में गठित टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मृतका की पहचान मीनू शर्मा (उम्र 42 वर्ष) के रूप में की, जो गोविंदगढ़ क्षेत्र की निवासी थी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि महिला अपने पति से पिछले 7 वर्षों से अलग रह रही थी और अपने पीहर में रह रही थी। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर एक अहम सुराग मिला, जिसमें महिला एक मोटरसाइकिल सवार के साथ नजर आई। वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची, जिसकी पहचान मृतका के पति सतीश शर्मा के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने आपसी विवाद के चलते अपनी पत्नी को बातचीत के बहाने बुलाया और सुनसान जगह पर उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार होकर अपने घर लौट गया था। पुलिस ने आरोपी को सिद्धार्थ नगर कॉलोनी से गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की जांच जारी है। यह कार्रवाई पुलिस की तत्परता और तकनीकी जांच के कुशल उपयोग का उदाहरण है, जिसने एक जटिल मामले को बेहद कम समय में सुलझा दिया।

Comment List