8 दिन से लापता महिला का शव कुएं में मिला, चांदी के कड़े लूटने के लिए हत्या की आशंका
दवाई लेने के लिए घर से निकली थी
जयपुर। शिवदासपुरा क्षेत्र में 8 दिन से लापता एक महिला का शव गुरुवार सुबह घर से करीब दो किलोमीटर दूर एक कुएं में मिलने से सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में महिला के पैरों में पहने चांदी के कड़े गायब मिले हैं, जिससे लूट के उद्देश्य से हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने एफएसएल टीम की मदद से मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि मृतका की पहचान बीना देवी (53) निवासी बल्लूपुरा, शिवदासपुरा के रूप में हुई है। वह पिछले करीब आठ दिनों से लापता थी और इस संबंध में शिवदासपुरा थाने में गुमशुदगी दर्ज करवाई गई थी। गुरुवार सुबह हनुमानपुरा पावर ग्रिड के पीछे ढूंढ नदी के पास स्थित एक कुएं से दुर्गंध आने पर ग्रामीणों ने अंदर झांककर देखा तो शव पड़ा मिला।
सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। पुलिस ने सिविल डिफेंस और एफएसएल टीम की सहायता से शव को बाहर निकलवाया और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार बीना देवी मजदूरी का काम करती थी। 11 जून को दोपहर करीब 12 बजे वह दवाई लेने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। गुरुवार सुबह उसका शव घर से करीब दो किलोमीटर दूर कुएं में मिला। जांच में सामने आया है कि महिला के पैरों में पहने चांदी के कड़े गायब हैं। ऐसे में प्रथम दृष्टया लूट के लिए हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

Comment List