राजस्थान परिवहन निरीक्षकों का कार्य बहिष्कार जारी, शहीद स्मारक पर फिर होगा धरना
दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने तक आंदोलन जारी
जयपुर। राजस्थान परिवहन निरीक्षक संघ और सरकार के बीच शुक्रवार को हुई उच्चस्तरीय वार्ता भी बेनतीजा रही। इसके बाद संघ ने स्पष्ट कर दिया कि परिवहन निरीक्षकों का कार्य बहिष्कार फिलहाल जारी रहेगा। साथ ही सोमवार को जयपुर के शहीद स्मारक पर प्रदेशभर के परिवहन निरीक्षक धरना देकर अपना विरोध दर्ज कराएंगे। धरना आयोजित करने के लिए संघ ने प्रशासन से अनुमति भी मांगी है। संघ का कहना है कि कानोता थानाधिकारी द्वारा परिवहन निरीक्षक नवल मीणा के साथ कथित दुर्व्यवहार और मारपीट के मामले में दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
इसी मांग को लेकर परिवहन निरीक्षक 23 जुलाई से लगातार कार्य बहिष्कार पर हैं। शुक्रवार को सचिवालय में अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) भास्कर सावंत की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। बैठक में परिवहन आयुक्त पुरुषोत्तम शर्मा तथा जयपुर पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे, लेकिन किसी ठोस समाधान पर सहमति नहीं बन सकी। कार्य बहिष्कार के चलते प्रदेशभर के आरटीओ और डीटीओ कार्यालयों में वाहन पंजीयन, ड्राइविंग लाइसेंस, फिटनेस, परमिट सहित कई परिवहन संबंधी सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। इससे आम लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अब सोमवार को प्रस्तावित धरने के बाद आंदोलन की आगामी रणनीति पर संघ आगे का निर्णय लेगा।

Comment List