आरटीओ-डीटीओ में पेन डाउन हड़ताल पर मंथन, परिवहन निरीक्षकों के समर्थन में अधिकारी भी आ सकते हैं आंदोलन में
प्रदेशभर के परिवहन कार्यालयों में कामकाज प्रभावित
जयपुर। राजस्थान परिवहन निरीक्षक संघ का कार्य बहिष्कार मंगलवार को छठे दिन भी जारी रहा। कानोता प्रकरण में दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर 23 जुलाई से परिवहन निरीक्षक कार्य बहिष्कार कर रहे हैं, जिससे प्रदेशभर के परिवहन कार्यालयों में कामकाज प्रभावित हो रहा है। अब इस आंदोलन को और व्यापक स्वरूप मिलने की संभावना है।
सूत्रों के अनुसार, परिवहन निरीक्षकों के समर्थन में राजस्थान परिवहन सेवा परिषद भी सक्रिय हो गई है। परिषद द्वारा इस बात पर मंथन किया जा रहा है कि प्रदेशभर के क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) और जिला परिवहन अधिकारी (डीटीओ) भी आंदोलन में शामिल होकर पेन डाउन हड़ताल करें। यदि ऐसा होता है तो परिवहन विभाग की सेवाएं और अधिक प्रभावित हो सकती हैं।
कार्य बहिष्कार के कारण आमजन को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ड्राइविंग लाइसेंस जारी करने, वाहन पंजीयन, फिटनेस, परमिट तथा अन्य परिवहन संबंधी कार्य प्रभावित हो रहे हैं। कई कार्यालयों में लंबित मामलों की संख्या लगातार बढ़ रही है। सोमवार को प्रदेशभर से पहुंचे परिवहन निरीक्षकों ने जयपुर स्थित शहीद स्मारक पर धरना दिया था।

Comment List