जयपुर में क्रूर हत्या : पेड पार्किंग के सिक्योरिटी गार्ड का सिर पत्थर से कुचलकर ली जान, पुलिस जांच में जुटी
सिर से खून बह रहा था
गलता गेट क्षेत्र में 51 वर्षीय प्रमोद कुमार की पत्थर से वार कर हत्या। शव बास बदनपुरा में लहूलुहान हालत में मिला। वे सिक्योरिटी गार्ड थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर एफएसएल टीम से साक्ष्य जुटाए। शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा, आरोपियों की तलाश जारी।
जयपुर। गलता गेट थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी है। सोमवार सुबह करीब 7:10 बजे सूचना मिली कि बास बदनपुरा इलाके में एक युवक का शव सड़क किनारे लहूलुहान हालत में पड़ा हुआ है, जिसके सिर से खून बह रहा था। मौके पर पहुंची गलता गेट पुलिस ने पाया कि यह कोई सामान्य मौत नहीं, बल्कि क्रूर हत्या का मामला है। मृतक की पहचान प्रमोद कुमार (उम्र 51 वर्ष) के रूप में हुई, जो उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के दखली गांव के निवासी थे। वे जयपुर में गलता गेट के पास खोले के हनुमान जी मंदिर के सामने एक मकान में किराए पर रहते थे और आसपास की जैन नसियां पार्किंग में सिक्योरिटी गार्ड के पद पर कार्यरत थे। पुलिस जांच में पता चला कि हमलावर ने प्रमोद के सिर की कनपटी पर भारी पत्थर से जोरदार वार किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। शव के सिर के पिछले हिस्से पर गंभीर चोटें थीं और मफलर से ढका हुआ था, जो संभवतः हमले के दौरान इस्तेमाल हुआ या बाद में बांधा गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी धर्म सिंह के निर्देशन में फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण सबूत एकत्र किए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए एसएमएस अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी/आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

Comment List