राजीविका मेले में उमड़े खरीदार, महकी राजस्थानी जायके की खुशबू
ग्रामीण महिला उद्यमियों के उत्पादों की धूम
जयपुर। दिवाली की रौनक, राजस्थानी संस्कृति के रंग और पारंपरिक व्यंजनों की खुशबू, कुछ ऐसा ही नजारा इन दिनों जयपुर के इंदिरा गांधी पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास संस्थान परिसर में आयोजित राजीविका दिवाली मेले में देखने को मिल रहा है। राजस्थान ग्रामीण आजीविका विकास परिषद (राजीविका) की ओर से आयोजित आठ दिवसीय मेले के चौथे दिन बड़ी संख्या में लोग खरीदारी और घूमने पहुंचे। 100 से अधिक स्टॉल्स पर ग्रामीण महिला स्वयं सहायता समूहों और महिला उद्यमियों के उत्पाद आगंतुकों के आकर्षण का केन्द्र बने हुए हैं।
दिवाली नजदीक आने के साथ ही दीये, कैंडल, रंगोली, तोरण, आकर्षक लाइटिंग और गृह सज्जा की वस्तुओं की मांग बढ़ गई है। इसके अलावा हस्तनिर्मित पर्स, पाउच, जूतियां, कपड़े के खिलौने, कारपेट, हैंडलूम और हर्बल उत्पाद भी लोगों को पसंद आ रहे हैं। कोटा डोरिया की साड़ियां, पारंपरिक कशीदाकारी के उत्पाद भी खूब आकर्षित कर रहे हैं। शाम होते ही रंग बिरंगी नाइट लाइटिंग से सजा परिसर मेले की रौनक बढ़ा देता है। पारंपरिक राजस्थानी वेशभूषा में सजे बहरूपिये अपनी अनूठी प्रस्तुतियों से लोगों का मनोरंजन कर रहे हैं। वहीं सेल्फी पॉइंट और प्रोडक्ट लाइव मेकिंग भी युवाओं और बच्चों के आकर्षण का केन्द्र बने हुए हैं। मेले में विदेशी पर्यटक भी पहुंच रहे हैं।

Comment List