राजस्थान में निवेश बढ़ाने का आह्वान, बीयूवीएम के त्रिवेणी संगम समारोह में नई कार्यकारिणी ने ली शपथ,
विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्धजनों का सम्मान किया
जयपुर। भारतीय उद्योग व्यापार मण्डल (बीयूवीएम) राजस्थान द्वारा शुक्रवार को होटल हॉलिडे इन में 'त्रिवेणी संगम समारोह' का भव्य आयोजन किया गया। समारोह के अंतर्गत चतुर्थ निवेश सम्मेलन, नवगठित प्रदेश कार्यकारिणी एवं जिला अध्यक्षों का शपथ ग्रहण तथा विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्धजनों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में उद्योग, व्यापार, बैंकिंग, कृषि, चिकित्सा और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े बड़ी संख्या में प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जयपुर शहर सांसद मंजू शर्मा थीं। मुख्य वक्ता सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि हवामहल विधायक बालमुकुंदाचार्य थे।
समारोह की अध्यक्षता बीयूवीएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबूलाल गुप्ता ने की। अपने अध्यक्षीय संबोधन में बाबूलाल गुप्ता ने कहा कि बीयूवीएम का उद्देश्य राजस्थान के प्रत्येक जिले में निवेश और उद्यमिता को बढ़ावा देना है, ताकि अधिक से अधिक लोग छोटे और मध्यम उद्योग स्थापित कर आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने बताया कि संगठन निवेशकों को सरकारी प्रक्रियाओं, ऋण सुविधाओं, भूमि उपलब्धता और विभिन्न योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराकर मार्गदर्शन देता है। साथ ही व्यापारी सहायता समूहों के माध्यम से छोटे व्यापारियों को 10 हजार से 10 लाख रुपये तक के ऋण उपलब्ध कराने में भी सहयोग किया जा रहा है।

Comment List