टेलीग्राम पर लड़की से दोस्ती : डेटिंग के बहाने क्लब बुलाया, फिर 23 हजार का बिल थमाया
थाने में क्लब संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज
जयपुर। मानसरोवर इलाके के एक क्लब में डेटिंग स्कैम के नाम पर ग्राहक को फंसाकर मनमाना बिल वसूलने का मामला सामने आया है। आरोप है कि डेटिंग ऐप और टेलीग्राम के जरिए लड़की से संपर्क करवाकर युवक को क्लब में मिलने के लिए बुलाया। इसके बाद क्लब संचालक ने युवक को 23 हजार 473 रुपए का बढ़ा-चढ़ाकर बिल थमा दिया। विरोध करने पर संचालक और उसके साथियों ने कथित तौर पर डराया-धमकाया और बिल चुकाने का दबाव बनाया। पीड़ित ने मानसरोवर थाने में क्लब संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस के अनुसार महेश नगर निवासी 28 वर्षीय युवक ने रिपोर्ट दी है कि डेटिंग ऐप और टेलीग्राम के जरिए उसकी एक लड़की से बातचीत शुरू हुई थी।
बातचीत के दौरान लड़की ने डेटिंग के लिए मानसरोवर स्थित एक क्लब में मिलने के लिए बुलाया। युवक क्लब पहुंचा तो कुछ देर तक लड़की उसके साथ रही। इसके बाद बाथरूम जाने की बात कहकर वह वहां से चली गई और वापस नहीं लौटी। पीड़ित का अरोप है कि क्लब की एंट्री में लड़की का नाम तक दर्ज नहीं है। उसने क्लब में लम्बे समय से इसी प्रकार की डेटिंग स्कैम का अरोप लगाते हुए रिपोर्ट में मारपीट, धमकी और कथित यौन उत्पीड़न का आरोप लगााया है। मामले में पुलिस सीसीटीवी फुटेज और नक्शा मुआयना करने के साथ जांच में जुटी है।

Comment List