नरैना थाने में संघ प्रचारक से मारपीट का मामला : थाना प्रभारी समेत 6 पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज, बदले जिला मुख्यालय
सीएम भजनलाल शर्मा के सख्त निर्देशों के बाद पुलिस मुख्यालय की कार्रवाई
जयपुर। नरैना थाने में संघ प्रचारक के साथ बर्बरतापूर्ण मारपीट के मामले में पुलिस मुख्यालय ने सख्त कदम उठाया है। विभागीय जांच विचाराधीन होने के चलते तत्कालीन थाना प्रभारी एवं पुलिस निरीक्षक उमराव गुर्जर सहित छह पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की है। थाना प्रभारी को निलंबित करने के साथ ही सभी छह पुलिसकर्मियों के निलंबन काल के मुख्यालय बदले गए हैं।
सीएम भजनलाल शर्मा के सख्त निर्देशों के बाद पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देशन में एसपी सतर्कता वन्दिता राणा ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। पुलिस निरीक्षक उमराव गुर्जर तत्कालीन थाना अधिकारी नरैना को 11 अक्टूबर, 2026 को जारी आदेश के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है। उनका निलंबन काल का मुख्यालय रिजर्व पुलिस लाइन, जयपुर ग्रामीण से बदलकर रिजर्व पुलिस लाइन, बाड़मेर निर्धारित किया है। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार निर्वाह भत्ता देय होगा।
इसी प्रकरण में तत्कालीन थाना नरैना में तैनात सहायक उप निरीक्षक ओंकार और रमेश तथा कांस्टेबल विनोद , कुलदीप और महिपाल के निलंबन काल के मुख्यालय परिवर्तित किए हैं। ओंकार को जैसलमेर, रमेश को फलौदी, विनोद को पाली, कुलदीप को जालोर और महिपाल को सिरोही की रिजर्व पुलिस लाइन में मुख्यालय दिया है।

Comment List