आंच हॉस्पिटल में शव बदलने का मामला, 20 किमी दूर पहुंचे परिजन तो खुली गलती
लापरवाही का मामला दर्ज
जयपुर। दुर्गापुरा स्थित आंच हॉस्पिटल में दो मृतकों के शव आपस में बदलने का मामला सामने आया है। अस्पताल स्टाफ ने एक मृतक के परिजनों को दूसरे व्यक्ति का शव सौंप दिया। परिजन शव लेकर करीब 20 किलोमीटर दूर पहुंच गए। इसी दौरान अस्पताल प्रशासन को गलती का पता चला और उन्हें वापस अस्पताल बुलाया गया। घटना से नाराज परिजनों ने शनिवार सुबह करीब दो घंटे अस्पताल के बाहर धरना दिया। मामला जवाहर सर्किल थाना क्षेत्र में एसएल मार्ग स्थित अस्पताल का है। मृतक गिरधारी के परिजनों का आरोप है कि अस्पताल ने उन्हें जो शव सौंपा, वह गिरधारी का नहीं था। वहीं, घेसाराम के परिजन अस्पताल पहुंचे और उन्होंने दावा किया कि उन्हें दिखाया गया शव घेसाराम का है, जबकि घेसाराम आईसीयू में भर्ती था और उसका इलाज चल रहा था। घटना के बाद गिरधारी के परिजनों ने अस्पताल के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज करवाया।
उन्होंने अस्पताल का लाइसेंस रद्द करने की मांग भी की। सूचना पर पुलिस और निजी अस्पताल डॉक्टर एसोसिएशन के प्रवक्ता डॉ. राजवीर सिंह मौके पर पहुंचे और परिजनों तथा अस्पताल प्रशासन से बातचीत की। अस्पताल प्रशासन ने गलती स्वीकार करते हुए इसे मानवीय भूल बताया और किसी गलत मंशा से इनकार किया।

Comment List