विशेष सड़क सुरक्षा अभियान में 17,850 वाहनों के किए चालान, 6.60 करोड़ का वसूला जुर्माना
प्रदेश में गत 30 जून तक 36694 बसों के चालान
जयपुर। परिवहन विभाग की ओर से 8 से 28 जुलाई तक चलाए जा रहे राज्यव्यापी विशेष सड़क सुरक्षा अभियान के तहत अब तक 17 हजार 850 चालान किए जा चुके हैं और 6.60 करोड़ रुपए से अधिक जुर्माना वसूला गया है। कार्रवाई के दौरान 981 वाहन जब्त किए गए, जबकि 53 वाहनों के पंजीयन प्रमाणपत्र (आरसी) निलंबित किए गए हैं। सबसे अधिक कार्रवाई भारी वाहनों में रिफ्लेक्टिव टेप और रियर मार्किंग प्लेट नहीं लगाने पर हुई। इस श्रेणी में 5052 चालान बनाए गए। वहीं स्पीड गवर्नर संबंधी अनियमितताओं पर 1813 चालान काटे गए और 61 वाहन जब्त किए गए। एआईएस सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने वाली 887 बसों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 253 बसें जब्त तथा 58 बसों की आरसी निलंबित की गई। ट्रकों या बसों में अवैध रूप से डीजल टैंक की क्षमता बढ़ाने या अतिरिक्त डीजल टैंक लगाने वाले 342 वाहनों के चालान किए गए, जिनमें 16 वाहन जब्त हुए तथा 10 की आरसी निलंबित की गई। प्रदेश में गत 30 जून तक 36694 बसों के चालान बनाए गए।
विभाग की ओर से नियमों का उल्लंघन कर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसकी नियमित मॉनिटरिंग कर रहे हैं। सड़क सुरक्षा से समझौता करने वाले वाहनों पर आगे भी इसी तरह कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
-पुरुषोत्तम शर्मा, आयुक्त परिवहन

Comment List