जयपुर में केमिस्टों की हड़ताल का मिला-जुला असर, होलसेल बाजार बंद तो कई रिटेल दुकानें खुली
मरीजों को परेशानी का सामना न करना पड़े
दवाओं के ई-कॉमर्स विरोध में केमिस्ट संचालकों की हड़ताल का मिला-जुला असर। होलसेलर्स और डिस्ट्रीब्यूटर्स ने कारोबार बंद रखा, कई रिटेल स्टोर खुले रहे। अपोलो फार्मा जैसी कंपनियों ने समर्थन किया। जयपुर केमिस्ट एसोसिएशन ने मरीजों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए दुकानें नहीं बंद रखीं।
जयपुर। दवाइयों के ई-कॉमर्स कारोबार के विरोध में ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स के आह्वान पर जयपुर में केमिस्ट संचालकों की हड़ताल का मिला-जुला असर देखने को मिला। शहर के प्रमुख होलसेल दवा बाजार चौड़ा रास्ता स्थित फिल्म कॉलोनी में होलसेलर्स और डिस्ट्रीब्यूटर्स ने पूरी तरह कारोबार बंद रखा। वहीं, कई इलाकों में रिटेल मेडिकल स्टोर खुले रहे, ताकि मरीजों को परेशानी का सामना न करना पड़े। राजस्थान केमिस्ट एलाइंस के अध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने बताया कि जयपुर सहित प्रदेशभर में बड़ी संख्या में होलसेल व्यापारियों, डिस्ट्रीब्यूटर्स और रिटेलर्स ने आंदोलन का समर्थन करते हुए अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। उन्होंने कहा कि अपोलो फार्मा, दवा दोस्त जैसी बड़ी सप्लाई चैन कंपनियों ने भी कारोबार बंद कर आंदोलन में भाग लिया। हालांकि जयपुर केमिस्ट एसोसिएशन ने मरीजों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए दुकानें बंद नहीं रखने का निर्णय लिया।
एसोसिएशन के अध्यक्ष अमरीश कौशिक और सचिव नवीन सांघी ने कहा कि संगठन ई-कॉमर्स के विरोध में राष्ट्रीय संगठन के साथ है, लेकिन दवा दुकानों के बंद रहने से आमजन प्रभावित होते हैं। इसलिए दवा विक्रेताओं से दुकानें खोलकर विरोध जताने की अपील की गई। इधर, हड़ताल के मद्देनजर राज्य सरकार ने सहकारी दवा विक्रय केंद्रों और प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्रों को सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक खुले रखने के निर्देश दिए। ऐसे में ये दुकानें खुली हैं।

Comment List