77वें राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री का संबोधन : अपराध नियंत्रण पर दिया जोर, कहा- पिछले दो वर्षों में अपराधों में 18.77 प्रतिशत की आई कमी
अपराध मुक्त राजस्थान के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 77वें राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस के अवसर पर राजस्थान पुलिस अकादमी में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में भाग लेते हुए कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 77वें राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस के अवसर पर राजस्थान पुलिस अकादमी में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में भाग लेते हुए कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पुलिस के जवान अनुशासन, समर्पण और जनसेवा के भाव से हर परिस्थिति में प्रदेशवासियों की सुरक्षा के लिए तत्पर हैं। राज्य सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है और अपराध मुक्त राजस्थान के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले दो वर्षों में अपराधों में 18.77 प्रतिशत की कमी आई है। हत्या, डकैती, लूट और महिला अत्याचार जैसे मामलों में भी उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। उन्होंने कम्युनिटी पुलिसिंग को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि समाज की भागीदारी से साइबर अपराध, नशा और संगठित अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। उन्होंने बताया कि एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स द्वारा प्रदेश में प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने की घोषणा : राज्य में पुलिस प्रशिक्षण क्षमता के विकास के लिए विभिन्न प्रशिक्षण संस्थानों में प्रति संस्थान 100-100 व्यक्तियों की क्षमता वाली 5 बैरकों के निर्माण की घोषणा। पुलिस कार्मिकों के स्पोर्ट्स, वेलफेयर एवं उत्सव फंड में 5 करोड़ रुपये का होगा अतिरिक्त प्रावधान। पुलिस कार्मिकों के लिए प्रथम चरण में विभिन्न श्रेणियों के 500 आवासों के निर्माण की भी घोषणा ।

Comment List