तिलानेश गांव में मुख्यमंत्री का जनसंवाद : पुस्तकालय, सड़क और तालाब विकास की घोषणाएं की
ग्रामीणों से आत्मीय संवाद किया
जयपुर। नागौर जिले के तिलानेश गांव में रात्रि विश्राम के बाद शनिवार सुबह मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रातः भ्रमण कर ग्रामीणों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने खेतों में पहुंचकर किसानों से खेती-किसानी, सिंचाई और फसल संबंधी विषयों पर चर्चा की तथा गांव की गलियों में घूमकर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों का हालचाल जाना। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों को चॉकलेट वितरित कर उनका उत्साह बढ़ाया।
मुख्यमंत्री ने गांव स्थित श्री चारभुजा नाथ जी एवं वीर तेजाजी मंदिर में दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद तालाब किनारे पौधारोपण किया और ग्रामीणों के साथ चाय पर चर्चा करते हुए उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गांवों के समग्र विकास और ग्रामीणों की मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने तिलानेश गांव के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने गांव में पुस्तकालय सह अटल ज्ञान केंद्र की स्थापना, रामसरी गांव से जोबनेर-बुटाटी राज्य राजमार्ग तक 1.18 करोड़ रुपये की लागत से डामर सड़क निर्माण तथा गांव के तालाब के सौंदर्यीकरण एवं जीर्णोद्धार कराने की घोषणा की। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए इन घोषणाओं पर प्रसन्नता व्यक्त की।

Comment List