रामनिवास बाग में सजेगी 15 फूड ट्रकों वाली चौपाटी, जयपुर को मिलेगा नया आकर्षण
6.37 करोड़ की लागत से बनेगा नया मनोरंजन केन्द्र
जयपुर। गुलाबी नगरी के ऐतिहासिक रामनिवास बाग में अब खान पान, मनोरंजन और पारिवारिक गतिविधियों का नया ठिकाना विकसित होने जा रहा है। जयपुर विकास प्राधिकरण की ओर से यहां 15 फूड ट्रकों वाली अनूठी चौपाटी विकसित होगी। करीब 6.37 करोड़ रुपए की अनुमानित लागत वाली यह परियोजना राजस्थान में अपनी तरह की नई अवधारणा पर आधारित होगी। विकसित की जा रही इस परियोजना के संबंध में जेडीसी सिद्धार्थ महाजन ने बताया कि चौपाटी को खास तौर पर युवा पीढ़ी की पसंद और जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया है। दोनों ओर कुल 15 फूड ट्रकों की व्यवस्था होगी, जहां लोगों को अलग-अलग तरह के खान-पान का विकल्प एक ही परिसर में मिलेगा।
हरियाली के बीच मनोरंजन और स्वाद :
महाजन ने बताया कि चौपाटी परिसर के चारों ओर करीब 1804 वर्गमीटर का पैदल पाथ वे विकसित किया जाएगा। वहीं 1200 वर्गमीटर का ओपन गार्डन, 600 वर्गमीटर का चिल्ड्रन प्ले एरिया और 200 वर्गमीटर का ओपन एम्फी थिएटर बनाया जाएगा। करीब 662 वर्गमीटर क्षेत्र में एंट्री प्लाजा और सिटिंग एरिया तथा 140 वर्गमीटर में फूड ट्रक जोन प्रस्तावित है। उन्होंने बताया कि परियोजना में पाथवे, लैंडस्केपिंग, बच्चों के खेलने की जगह, बैठने की व्यवस्था के साथ टॉयलेट और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। महाजन ने बताया कि रामनिवास बाग की ऐतिहासिक और प्राकृतिक पहचान को ध्यान में रखते हुए चौपाटी का स्वरूप तैयार किया जाएगा।

Comment List