जयपुर सहित कई जिलों में छाए बादल : तापमान गिरने से गर्मी का असर कम, प्रदेश में तेज बारिश का अलर्ट
तापमान में 9 डिग्री तक गिरावट
प्रदेश में बदले मौसम ने राहत के साथ कहर भी बरपाया। कई जिलों में बारिश-ओलावृष्टि से तापमान 9 डिग्री तक गिरा, वहीं जैसलमेर में दो भाइयों की मौत हो गई। फसलों को नुकसान पहुंचा है। मौसम विभाग ने 19 मार्च को तेज आंधी-बारिश व ओलों का अलर्ट जारी किया है, जबकि 20 मार्च तक सिस्टम सक्रिय रहेगा।
जयपुर। प्रदेश में बदले मौसम के कारण कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि हुई है। इसके असर से तापमान गिरा है और गर्मी का असर कम हुआ है। आंधी-बारिश के कारण हुए हादसे में जैसलमेर में दो भाइयों की मौत हो गई। वहीं, कई जिलों में फसलों को भी नुकसान हुआ है। मौसम केंद्र जयपुर ने आज करीब सभी जिलों में तेज बारिश का अलर्ट भी जारी किया है। कल ओले गिरने की भी चेतावनी है। बुधवार को भी 5 से ज्यादा जिलों में बारिश और ओले गिरे थे। इस कारण दिन के तापमान में 9 डिग्री तक गिरावट हुई है।
मौसम विभाग केंद्र जयपुर के अनुसार नए सिस्टम का असर 20 मार्च तक रहेगा। आज 19 मार्च को जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, उदयपुर व कोटा संभाग के कुछ भागों में मेघगर्जन के साथ तेज आंधी (40-50 Kmph) व बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की भी संभावना है। 20 मार्च को अजमेर, जयपुर, भरतपुर, कोटा संभाग के कुछ भागों में मेघगर्जन के साथ बारिश होने तथा जोधपुर, बीकानेर, उदयपुर संभाग के अधिकांश भागों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। वहीं 21 मार्च को मौसम शुष्क रहने एवं 22 मार्च को फिर बीकानेर संभाग व शेखावाटी क्षेत्र के जिलों में कंही-कंही हल्की बारिश हो सकती है।

Comment List