सीएम भजनलाल ने जयपुर एयरपोर्ट पर नए स्टेट टर्मिनल भवन का किया भूमि पूजन, 55 करोड़ होंगे खर्च
सार्वजनिक निर्माण एवं नागरिक उड्डयन विभाग के अधिकारी मौजूद
जयपुर। जयपुर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर मौजूदा स्टेट हैंगर के पास नवीन स्टेट टर्मिनल भवन का निर्माण किया जाएगा। करीब 55 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले इस तीन मंजिला भवन का मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को भूमि पूजन किया। निर्माण कार्य 18 माह में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रस्तावित भवन की पहली और दूसरी मंजिल पर 2000-2000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में निर्माण होगा, जबकि तीसरी मंजिल करीब 1500 वर्ग मीटर में विकसित की जाएगी। भूमि पूजन समारोह में मुख्यमंत्री ने शिला पूजन कर उन्हें नींव में स्थापित किया। इसके बाद हवन में शामिल होकर पूर्णाहुति दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केवल एक भवन का भूमि पूजन नहीं, बल्कि राजस्थान में परिवहन सुविधाओं को आधुनिक बनाने और आवागमन को अधिक सुगम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे पहले मुख्यमंत्री ने नवीन टर्मिनल भवन के प्रतीकात्मक मॉडल, साइट प्लान तथा ग्राउंड और फर्स्ट फ्लोर पर प्रस्तावित आधुनिक सुविधाओं के लेआउट की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, सांसद मदन राठौड़, मंजू शर्मा, विधायक डॉ. कैलाश वर्मा, गोपाल शर्मा, बालमुकुंदाचार्य, महापौर सुनील कोठारी, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास और उपमहापौर सरोज कंवर सहित सार्वजनिक निर्माण एवं नागरिक उड्डयन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे ।

Comment List