पीएम मोदी की अपील का असर : सीएम भजनलाल शर्मा ने घटाया काफिला, मंत्रियों-अधिकारियों को भी दिए निर्देश
पहले मुख्यमंत्री के काफिले में लगभग 10 से 12 गाड़ियां शामिल
प्रधानमंत्री द्वारा पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने की अपील का असर अब राजस्थान में भी दिखाई देने लगा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने सरकारी काफिले में शामिल वाहनों की संख्या घटाकर सादगी और ईंधन बचत का संदेश दिया।
जयपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने की अपील का असर अब राजस्थान में भी दिखाई देने लगा है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने सरकारी काफिले में शामिल वाहनों की संख्या घटाकर सादगी और ईंधन बचत का संदेश दिया है। बुधवार सुबह दिल्ली रवाना होते समय सांगानेर एयरपोर्ट जाते हुए मुख्यमंत्री के कारकेड में पहले की तुलना में काफी कम वाहन नजर आए। जानकारी के अनुसार, पहले मुख्यमंत्री के काफिले में लगभग 10 से 12 गाड़ियां शामिल रहती थीं, लेकिन अब इसे घटाकर करीब 5 वाहन कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने अनावश्यक वाहनों को हटाने के निर्देश पहले ही जारी कर दिए थे।
इस फैसले को ईंधन संरक्षण और सरकारी खर्चों में मितव्ययिता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राज्य के मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से भी सरकारी वाहनों का सीमित उपयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जरूरत के अनुसार ही वाहनों का उपयोग किया जाए और फिजूल खर्ची से बचा जाए।

Comment List