एशियन पैरा ओलंपिक थ्रोबॉल अभियान में सेवा का रंग, खिचड़ी प्रसादम् वितरण से दिया सेवा और समरसता का संदेश
पोषण, शिक्षा, स्वास्थ्य और मानवीय सेवा के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रहा
जयपुर। तृतीय एशियन पैरा ओलंपिक थ्रोबॉल चैंपियनशिप के जन-जागरूकता अभियान के तहत आयोजित अवेयरनेस रैली में हरे कृष्ण मूवमेंट गुप्त वृंदावन धाम ने पैरा खिलाड़ियों, टीम अधिकारियों, स्वयंसेवकों, अतिथियों और आमजन के बीच पौष्टिक खिचड़ी प्रसादम् का वितरण किया। संस्था की इस सेवा पहल का उद्देश्य प्रतिभागियों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के साथ सेवा, सहयोग और सामाजिक समरसता का संदेश देना रहा। संस्था के उपाध्यक्ष अनंतशेष दास ने बताया कि हरे कृष्ण मूवमेंट पोषण, शिक्षा, स्वास्थ्य और मानवीय सेवा के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रहा है। संस्था समय-समय पर सामाजिक, शैक्षणिक और जन-जागरूकता कार्यक्रमों में भाग लेकर जरूरतमंदों तक पौष्टिक भोजन और अन्य सेवाएं पहुंचाती है।
उन्होंने कहा कि सेवा का अर्थ केवल सहायता देना नहीं, बल्कि समाज में संवेदनशीलता, सहयोग और परस्पर सम्मान की भावना को मजबूत करना भी है। इस अवसर पर राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री सुरेश सिंह रावत, वर्ल्ड पैरा थ्रोबॉल फेडरेशन की अध्यक्ष निर्मला रावत, विभिन्न राज्यों एवं देशों से आए पैरा खिलाड़ी, टीम प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। प्रतिभागियों ने खिचड़ी प्रसादम् की सराहना करते हुए इसे स्वास्थ्यवर्धक और स्वादिष्ट बताया। संस्था ने भविष्य में भी जनहित और सेवा से जुड़े अभियानों में सक्रिय योगदान जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।

Comment List