रक्षाबंधन पर घर आना पड़ेगा महंगा, मुंबई से जयपुर का किराया 20 हजार पार
त्योहार से एक दिन पहले जयपुर आने वाली उड़ानों के किराए में उछाल
जयपुर। रक्षाबंधन से पहले हवाई यात्रियों की जेब पर महंगाई की मार पड़ने वाली है। 28 अगस्त को रक्षाबंधन होने के कारण 27 अगस्त को मुंबई, अहमदाबाद, पुणे, हैदराबाद, बेंगलूरु समेत बड़े शहरों से जयपुर आने वाली उड़ानों के किराए में दो से चार गुना तक बढ़ोतरी हो गई है। मुंबई-जयपुर मार्ग पर सबसे अधिक उछाल है। 24 अगस्त को करीब 8 हजार रुपए में मिलने वाला टिकट 27 अगस्त को 16 हजार से बढ़कर 21 हजार 937 रुपए तक पहुंच गया है। इंडिगो का किराया 16,112 से 21414 रुपए, एयर इंडिया एक्सप्रेस का 18,368 रुपए और एयर इंडिया का किराया 21,937 रुपए तक है। बेंगलूरु से जयपुर का किराया 11,571 से 12,621 रुपए तक है। एयर इंडिया एक्सप्रेस का किराया 12,548 रुपए है। अहमदाबाद से किराया 9,599 से 16,665 रुपए, पुणे से 9799 से 12,161 रुपए, हैदराबाद से 9335 से 11,855 रुपए, कोलकाता से 8990 से 11,352 रुपए तक पहुंच गया है। चेन्नई से किराया 11,199 और गोवा से 10 हजार 521 रुपए तक है।
कम उड़ानों ने बढ़ाया किराया :
मुंबई-जयपुर के बीच अभी रोजाना केवल 5 उड़ानें हैं। हैदराबाद के लिए 2, अहमदाबाद के लिए 3 और कोलकाता के लिए 2 उड़ानें कम हुई हैं। ऐसे में ट्रेनों में सीटों की कमी के बीच हवाई किराए में बढ़ोतरी ने यात्रियों की परेशानी और बढ़ा दी है। वहीं ट्रेनों में भी 80 से 120 तक वेटिंग चल रही है। हालांकि कुछ स्थानों के लिए रेलवे ने स्पेशल ट्रेनों का तो संचालन भी किया है।

Comment List