कमिश्नर ने चौमू थाने में की जनसुनवाई : आमजन की सुनी समस्याएं, मौके पर ही दिए समाधान के निर्देश
जनसुनवाई कार्यक्रम को लेकर आमजन में उत्साह और भरोसा
सचिन मित्तल ने शनिवार को चौमू थाना परिसर में जनसुनवाई कार्यक्रम की शुरुआत की। आमजन की समस्याओं को सीधे सुनने और उनका त्वरित समाधान करने के उद्देश्य से आयोजित इस जनसुनवाई में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
जयपुर। सचिन मित्तल ने शनिवार को चौमू थाना परिसर में जनसुनवाई कार्यक्रम की शुरुआत की। आमजन की समस्याओं को सीधे सुनने और उनका त्वरित समाधान करने के उद्देश्य से आयोजित इस जनसुनवाई में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। कार्यक्रम के दौरान चौमू सर्किल के अंतर्गत आने वाले चौंमू, हरमाड़ा, विश्वकर्मा और दौलतपुरा थानों से संबंधित परिवादियों की शिकायतें सुनी गईं। लोगों ने भूमि विवाद, आपसी झगड़े, चोरी और अन्य सामाजिक समस्याओं से जुड़े मामलों को कमिश्नर के समक्ष रखा। जनसुनवाई के दौरान कमिश्नर ने कई मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को आमजन से संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ पेश आने के निर्देश भी दिए।
कमिश्नर ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य आमजन में विश्वास कायम रखना और अपराधियों में भय पैदा करना है। इस प्रकार की जनसुनवाई से न केवल लोगों को राहत मिलती है, बल्कि पुलिस और जनता के बीच संवाद भी मजबूत होता है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी परिवादों की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी, ताकि हर शिकायत का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित हो सके। इस दौरान पुलिस के अन्य अधिकारी और संबंधित थानों के प्रभारी भी उपस्थित रहे, जिन्होंने मौके पर ही कई समस्याओं का समाधान किया। जनसुनवाई कार्यक्रम को लेकर आमजन में उत्साह और भरोसा देखने को मिला।

Comment List