स्क्रैप सेंटरों की जांच के लिए कमेटी गठित, 15 दिन में देगी रिपोर्ट
राजेश शर्मा को सदस्य सचिव की जिम्मेदारी सौंपी
जयपुर। राज्य में संचालित स्क्रैप सेंटरों की कार्यप्रणाली की जांच के लिए परिवहन विभाग ने उच्च स्तरीय कमेटी का गठन किया है। परिवहन आयुक्त पुरुषोत्तम शर्मा ने यह कमेटी उपमुख्यमंत्री द्वारा 22 मई को आयोजित बैठक में दिए गए निर्देशों की पालना में गठित की है।
कमेटी का उद्देश्य स्क्रैप सेंटरों के संचालन, नियमों की अनुपालना तथा उनकी कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा करना है। जारी आदेश के अनुसार, अपर परिवहन आयुक्त ओ.पी. बुनकर को कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं संयुक्त परिवहन आयुक्त राजेश शर्मा को सदस्य सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा अतिरिक्त निदेशक (आईटी) कुलदीप यादव, लेखाधिकारी निरंजन चौधरी तथा परिवहन निरीक्षक हितेश चन्द्रुल को भी कमेटी का सदस्य बनाया गया है। कमेटी प्रदेश के विभिन्न स्क्रैप सेंटरों का निरीक्षण कर उनके संचालन से जुड़े सभी पहलुओं की जांच करेगी। साथ ही यह भी देखा जाएगा कि केंद्र सरकार और राज्य सरकार द्वारा निर्धारित नियमों एवं मानकों का पालन किया जा रहा है या नहीं। जांच के दौरान सामने आने वाली कमियों, अनियमितताओं और सुधार संबंधी सुझावों को रिपोर्ट में शामिल किया जाएगा। परिवहन विभाग ने कमेटी को 15 दिनों के भीतर अपनी जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Comment List