मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के सामने उठी फरियाद, कुछ घंटों में हुआ तबादला
मौके पर ही अधिकारियों को आवश्यक निर्देश
बांसवाड़ा के चुड़ादा गांव में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के भ्रमण दौरान महिला रोशनी कलाल की शिकायत पर उनके पति का त्वरित स्थानांतरण आदेश जारी। कुशलगढ़ के खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गिरिश भाभोर के खिलाफ वित्तीय अनियमितताओं की शिकायत पर मुख्यमंत्री ने तत्काल जांच और मुख्यालय जयपुर में उपस्थित होने के निर्देश।
जयपुर। बांसवाड़ा जिले की ग्राम पंचायत चुड़ादा में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रातः भ्रमण के दौरान संवेदनशीलता और त्वरित प्रशासनिक कार्रवाई का उदाहरण देखने को मिला। गांव की महिला रोशनी कलाल ने मुख्यमंत्री से संवाद करते हुए अपने पुत्र की गंभीर बीमारी से जुड़ी पीड़ा साझा की। उन्होंने बताया कि उनका पुत्र सेरेब्रल पाल्सी से पीड़ित है और विशेष देखभाल की आवश्यकता है। ऐसे में उनके पति हेमेंद्र कुमार कलाल, जो जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग में सहायक अभियंता के पद पर सागवाड़ा में कार्यरत हैं, का बांसवाड़ा स्थानांतरण किया जाए। मुख्यमंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मौके पर ही अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इसके बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में हेमेंद्र कुमार कलाल के स्थानांतरण आदेश जारी कर दिए। मुख्यमंत्री के इस मानवीय निर्णय की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है।
इसी दौरान मुख्यमंत्री के समक्ष कुशलगढ़ के खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गिरिश भाभोर के खिलाफ विभागीय कर्मचारियों ने वित्तीय अनियमितताओं की शिकायत भी रखी। शिकायत को गंभीर मानते हुए मुख्यमंत्री ने तत्काल जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद चिकित्सा एवं स्वास्थ्य (ग्रुप-2) विभाग ने डॉ. गिरिश भाभोर को एपीओ करते हुए तत्काल प्रभाव से निदेशक, जन स्वास्थ्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं, मुख्यालय जयपुर में उपस्थिति देने के आदेश जारी कर दिए।

Comment List