एसएमएस अस्पताल में जटिल सर्जरी, 59 वर्षीय महिला के शरीर से निकाला 28.6 किलो का विशाल ट्यूमर
मरीज को निगरानी के लिए आईसीयू में रखा गया
जयपुर। एसएमएस मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के सर्जनों ने 59 वर्षीय महिला के शरीर से 28.6 किलो वजन का विशाल रेट्रोपेरिटोनियल सारकोमा सफलतापूर्वक निकाल दिया। करीब तीन घंटे चली इस जटिल सर्जरी का नेतृत्व डॉ. जीवन कांकरिया ने किया। ट्यूमर पेट के पीछे रेट्रोपेरिटोनियल क्षेत्र में था और यूरेटर, आंतों, लिवर, अग्न्याशय, मूत्राशय तथा बड़ी धमनियों से चिपका हुआ था। इन महत्वपूर्ण अंगों और रक्त वाहिकाओं को सुरक्षित रखते हुए ट्यूमर को अलग करना सर्जरी की सबसे बड़ी चुनौती रही। सर्जिकल टीम ने सावधानीपूर्वक ट्यूमर को आसपास की संरचनाओं से अलग कर सफलतापूर्वक बाहर निकाला।
ऑपरेशन के बाद मरीज को निगरानी के लिए आईसीयू में रखा गया, जहां उसकी स्थिति स्थिर रही। रिकवरी संतोषजनक होने पर उसे वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया। यह पूरी सर्जरी राज्य सरकार की आरजीएचएस योजना के तहत नि:शुल्क की गई। चिकित्सकों के अनुसार 20 किलो से अधिक वजन वाले जायंट रेट्रोपेरिटोनियल सारकोमा बेहद दुर्लभ हैं। उपलब्ध मेडिकल साहित्य में ऐसे करीब 20 मामलों का उल्लेख मिलता है। प्राचार्य डॉ. दीपक माहेश्वरी, अधीक्षक डॉ. मृणाल जोशी और विभागाध्यक्ष डॉ. रिचा जैन ने पूरी टीम को बधाई दी।

Comment List