झोटवाड़ा की जन समस्याओं को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, जेडीए कूच के दौरान पुलिस ने रोका
भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद
जयपुर। झोटवाड़ा विधानसभा क्षेत्र और पृथ्वीराज नगर की विभिन्न जन समस्याओं को लेकर झोटवाड़ा कांग्रेस की ओर से सोमवार को प्रदर्शन किया गया। 200 फीट बाइपास स्थित कमला देवी बुधिया स्कूल के पास कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय लोग एकत्र हुए। इसके बाद जेडीए कार्यालय की ओर पैदल मार्च शुरू किया गया। श्याम नगर कट के पास पुलिस ने बेरिकेड्स लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और पीआरएन उपायुक्त राजेंद्र सिंह शेखावत को मांगों का ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन में कालवाड़, सिरसी, करणी पैलेस, गांधीपथ वेस्ट, धाबास, गजसिंहपुरा सहित आसपास की कॉलोनियों के निवासी, विकास समितियों और संघर्ष समितियों के पदाधिकारी तथा कांग्रेस नेता शामिल हुए। 200 फीट बाइपास पर कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास और झोटवाड़ा विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी अभिषेक चौधरी ने लोगों को संबोधित किया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।
अभिषेक चौधरी ने बताया कि गजसिंहपुरा में हाईटेंशन लाइन के आसपास तोड़फोड़ रोकने, सेक्शन 72 के नोटिस बंद करने, हाईटेंशन लाइनों को भूमिगत करने, सीवर लाइन डालने और सड़क निर्माण की मांग को लेकर प्रदर्शन किया गया।
इसके अलावा पृथ्वीराज नगर उत्तर की 18 कॉलोनियों को ग्रीन जोन से बाहर कर जेडीए पट्टे जारी करने, पीटी सर्वे के बाद सुविधा क्षेत्र में शामिल भूखंडों को हटाने तथा घनी आबादी वाले क्षेत्रों में केंद्र सरकार के 16 जुलाई 2020 के नियमों के तहत 60 फीट सड़क पर पट्टे जारी करने की मांग भी उठाई गई।

Comment List