परीक्षा आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ने से राजस्थान विश्वविद्यालय में उमड़ी विद्यार्थियों की भीड़, बड़ी संख्या में पहुंचे विद्यार्थी
विश्वविद्यालय परिसर में दिन भर रही गहमा-गहमी
जयपुर। राजस्थान विश्वविद्यालय में यूजी-पीजी प्रथम सेमेस्टर के ऑनलाइन परीक्षा आवेदन की अंतिम तिथि में वृद्धि होने के बाद विद्यार्थियों की बड़ी संख्या में भीड़ उमड़ पड़ी। परीक्षा आवेदन से संबंधित प्रक्रिया पूरी करने और अपने फॉर्म जमा करवाने के लिए बड़ी संख्या में विद्यार्थी विश्वविद्यालय पहुंचे। इसके चलते विश्वविद्यालय परिसर में दिनभर गहमागहमी रही। विद्यार्थियों ने अपने परीक्षा आवेदन पत्रों के साथ आवश्यक दस्तावेज जमा करवाए।
विश्वविद्यालय की ओर से परीक्षा वर्ष 2026-27 के लिए एमए, एमकॉम, बीए, बीएससी और बीकॉम के प्रथम एवं तृतीय सेमेस्टर के नियमित एवं स्वयंपाठी विद्यार्थियों के ऑनलाइन परीक्षा आवेदन की प्रक्रिया शुरू की गई है। परीक्षा नियंत्रक के अनुसार आवेदन प्रक्रिया 26 नवंबर तक जारी रहेगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन परीक्षा आवेदन पत्र के साथ पूर्व की कक्षाओं की सभी अंकतालिकाओं की स्वप्रमाणित प्रतियां तथा एनरोलमेंट फॉर्म जमा करवाने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही मूल माइग्रेशन प्रमाण पत्र और अंकतालिकाओं की स्वप्रमाणित छायाप्रति भी संबंधित महाविद्यालय में जमा करवाना आवश्यक है।
विश्वविद्यालय के अनुसार, स्नातक एवं स्नातकोत्तर के सभी स्वयंपाठी विद्यार्थियों की परीक्षाएं भी सेमेस्टर स्कीम के तहत आयोजित की जाएंगी। विद्यार्थियों को परीक्षा संबंधी नवीनतम सूचनाओं के लिए विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.univraj.org का नियमित अवलोकन करने तथा अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है।

Comment List