जयपुर में किराएदार की क्रूरता : मकान मालकिन का गला दबाकर सिर दीवार से फोड़ा, लूटे गहने और मोबाइल
महिला लहूलुहान हालत में घर के अंदर ही बेहोश पड़ी रही
दौलतपुरा इलाके में किराएदार और उसके साथी ने मकान मालिकिन रानी पर हमला कर लूट की घटना को अंजाम दिया। आरोपियों ने महिला का सिर दीवार से टकराकर घायल किया और मंगलसूत्र व मोबाइल छीनकर फरार। महिला लहूलुहान हालत में बेहोश पड़ी रही।
जयपुर। दौलतपुरा इलाके में शुक्रवार को एक चौंकाने वाली लूट की घटना सामने आई है। किराएदार ने अपने दोस्त के साथ मिलकर मकान मालिकिन की निर्ममता से पिटाई की और लूटपाट की। इस दौरान महिला का सिर दीवार से मारकर फोड़ दिया गया। दौलतपुरा थाना क्षेत्र के मोटू का बास निवासी 45 वर्षीय रानी ने पिछले तीन महीने से अपने मकान का एक कमरा मजदूरी करने वाले एक युवक को किराए पर दे रखा था।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार दोपहर आरोपी किराएदार ने अपने एक दोस्त को घर बुलाया। दोनों ने लूट की प्लानिंग के तहत रानी को अचानक पकड़ लिया। जब महिला ने विरोध किया तो लुटेरों ने उसके गले को जोर से दबाया और सिर को दीवार से इतनी जोर से टकराया कि उसका सिर फट गया। हमले के बाद दोनों आरोपियों ने रानी के गले से सोने का मंगलसूत्र और मोबाइल फोन छीन लिया और फरार हो गए। महिला लहूलुहान हालत में घर के अंदर ही बेहोश पड़ी रही। करीब दो-तीन घंटे बाद जब होश आया तो शाम करीब 6:45 बजे वह बाहर निकली और पड़ोसियों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही दौलतपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल रानी को तुरंत बराला अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल महिला डरी-सहमी हुई है और पूरी घटना का बयान नहीं दे पा रही है। पुलिस ने बताया कि महिला की हालत स्थिर होने पर उसका विस्तृत बयान दर्ज किया जाएगा। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। किराएदार और उसके साथी की तलाश में छापेमारी की जा रही है।

Comment List