कुकरखेड़ा मंडी में रोज पांच हजार बोरी की आवक, क्वालिटी के अनुसार 6500 से 10 हजार रुपये प्रति क्विंटल भाव
सरसों-सोयाबीन तेल की तेजी ने भी दिया मूंगफली को सहारा
जयपुर। नई फसल की आवक कमजोर पड़ने से जयपुर की राजधानी कृषि उपज मंडी (कुकरखेड़ा) में मूंगफली के दामों में करीब 30 प्रतिशत की उल्लेखनीय बढ़ोतरी हो गई है। सोमवार को मंडी में प्रतिदिन औसतन पांच हजार बोरी मूंगफली की आवक हो रही है और क्वालिटी के हिसाब से भाव 6,500 से 10,000 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गए हैं। रिटेल बाजार में सिकी हुई मूंगफली 150 से 200 रुपये प्रति किलो के भाव पर बिक रही है।
मंडी में मुख्य रूप से सीकर और परबतसर क्षेत्रों से मूंगफली की आवक जारी है। थोक विक्रेता के.जी. झालानी ने बताया कि दिवाली से पहले आवक में अच्छी तेजी देखी गई थी, लेकिन अब नई फसल की आपूर्ति अपेक्षा से कमजोर पड़ गई है। उन्होंने कहा कि सरसों और सोयाबीन के तेलों में आई तेजी ने भी मूंगफली के भावों को अतिरिक्त बल प्रदान किया है।
व्यापारियों का कहना है कि पिछले साल की तुलना में इस बार पैदावार में कमी आई है, जबकि मांग बनी हुई है। यही कारण है कि भावों में लगातार मजबूती बनी हुई है। मंडी में अच्छी क्वालिटी की मूंगफली को 9,000 से 10,000 रुपये प्रति क्विंटल तक भाव मिल रहे हैं, जबकि औसत क्वालिटी 6,500 से 8,000 रुपये के बीच कारोबार कर रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि आने वाले दिनों में आवक में सुधार नहीं होता तो मूंगफली के दाम और बढ़ सकते हैं।

Comment List