सीकर रोड हादसे पर उपमुख्यमंत्री गंभीर,अधिकारियों ने लिया मौके का जायजा
दिया कुमारी ने दिए सख्त निर्देश
जयपुर। सीकर रोड पर 14 नंबर स्थित अनाज मंडी रोड पर हुए भीषण सड़क हादसे को उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों और मौके की स्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने को कहा। उपमुख्यमंत्री के निर्देश पर शनिवार को एनएचएआई, पुलिस और परिवहन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सड़क की स्थिति तथा सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया।
इस दौरान आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के संबंध में दिशा-निर्देश दिए गए। दिया कुमारी ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा के मामले में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हादसों की रोकथाम के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्रवाई करें और जरूरी सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करें। मौके पर एनएचएआई के क्षेत्रीय अधिकारी और परियोजना निदेशक, यातायात निरीक्षक, जिला परिवहन अधिकारी तथा जेडीए जोन-बी के उपायुक्त सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Comment List