अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर अल्बर्ट हॉल में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने किया योगाभ्यास, पीएम मोदी का लाइव संबोधन सुना
अल्बर्ट हॉल में योग दिवस
जयपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने जयपुर स्थित अल्बर्ट हॉल संग्रहालय परिसर में आयोजित योग शिविर में भाग लेकर योगाभ्यास किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं, मातृशक्ति, वरिष्ठ नागरिकों तथा गणमान्य नागरिकों के साथ योग कर स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री ने नरेंद्र मोदी का लाइव संबोधन भी सुना। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व और निरंतर प्रयासों के परिणामस्वरूप वर्ष 2015 से प्रतिवर्ष 21 जून को पूरे विश्व में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। योग को वैश्विक पहचान दिलाने और इसे मानव कल्याण के प्रभावी माध्यम के रूप में स्थापित करने में उनका योगदान महत्वपूर्ण रहा है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि योग शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का विज्ञान है। यह व्यक्ति को ऊर्जा, एकाग्रता, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में योग स्वस्थ जीवनशैली, मानसिक संतुलन और समग्र कल्याण का सशक्त माध्यम बनकर उभरा है तथा इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना आवश्यक है। इस दौरान विधायक गोपाल शर्मा भी मौजूद रहे । योग शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और नियमित योगाभ्यास का संकल्प लिया।

Comment List