सांगानेर को 631 करोड़ की विकास सौगात, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 1538 कार्यों का किया शिलान्यास-लोकार्पण
स्वच्छ, आधुनिक और व्यवस्थित शहर के निर्माण में जनभागीदारी सबसे महत्वपूर्ण
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सांगानेर विधानसभा क्षेत्र को 631 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े कुल 1538 विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण कर क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से सीवरेज सफाई के लिए अत्याधुनिक सुपर सकर मशीन, कचरा संग्रहण के लिए मैकेनिकल लिटर पिकर मशीन तथा स्वच्छ सर्वेक्षण-2026 के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए ब्रांडिंग ऑटो को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ, आधुनिक और व्यवस्थित शहर के निर्माण में जनभागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है तथा सरकार नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर विभिन्न लाभार्थियों को स्वामित्व कार्ड भी वितरित किए। उन्होंने कहा कि स्वामित्व योजना से लोगों को उनकी संपत्तियों का कानूनी अधिकार मिलने के साथ आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। समारोह में संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) झाबर सिंह खर्रा, जयपुर सांसद मंजू शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता भी दोहराई गई।

Comment List