जयपुर को विकास का 219 करोड़ का तोहफा, पार्क और सड़क परियोजनाओं को मिली हरी झंडी
जलभराव की समस्या में राहत मिलने की उम्मीद
जयपुर। जयपुर के आधारभूत ढांचे को मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) की परियोजना कार्य समिति (पीडब्ल्यूसी) ने करीब 219 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को मंजूरी दी है। विकास आयुक्त सिद्धार्थ महाजन की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सड़क, ड्रेनेज, पार्क, हरित विकास और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई। सबसे बड़ी स्वीकृति 165.73 करोड़ रुपये की करतारपुरा नाले के पुनर्स्थापन एवं निर्माण कार्य के लिए दी गई, जिससे जलभराव की समस्या में राहत मिलने की उम्मीद है।
वहीं, विद्याधर नगर के पास स्वर्ण जयंती ऑक्सीजन पार्क के विकास पर 7.54 करोड़ रुपये, रामनिवास बाग में रॉयल हैप्पीनेस पार्क के लिए 13.25 करोड़ रुपये तथा राजस्थान उत्सव पार्क (वेस्ट-टू-वंडर) के विकास हेतु 24.55 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए। इसके अलावा, जोन-10 में सायपुरा, गुवाड़ी और पालेड़ा मोड़ से बालकृष्णपुरा तक सड़क नवीनीकरण के लिए 3.95 करोड़ रुपये तथा अजमेर पुलिया से पुरानी चुंगी (मजार) तक एलिवेटेड रोड के नवीनीकरण के लिए 4.20 करोड़ रुपये की संशोधित स्वीकृति दी गई। बैठक में सभी परियोजनाओं को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी तरीके से पूरा करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।

Comment List