नर्सिंग समिट पर विवाद, एसोसिएशन ने लगाए वसूली के आरोप
प्रति व्यक्ति 2500 रुपए तक लिए जा रहे
जयपुर। राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी) में प्रस्तावित ग्लोबल नर्सिंग समिट-2026 को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन ने समिट के नाम पर निजी नर्सिंग कॉलेजों और नर्सिंगकर्मियों से राशि वसूले जाने का आरोप लगाया है। ऑल इंडिया गवर्नमेंट नर्सेज फैडरेशन से संबद्ध एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष महावीर प्रसाद ने कहा कि निजी नर्सिंग कॉलेजों से करीब एक-एक लाख रुपए और नर्सिंगकर्मियों से प्रति व्यक्ति 2500 रुपए तक लिए जा रहे हैं। उन्होंने करीब 3000 नर्सिंगकर्मियों से पंजीकरण शुल्क वसूले जाने का दावा किया।
एसोसिएशन ने आयोजन सचिव की पूर्व कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। एसोसिएशन ने इन मामलों की जांच के साथ समिट से जुड़े वित्तीय लेन-देन की जांच की मांग की है। साथ ही आरोप लगाया कि विवादित तथ्यों की जानकारी दिए बिना मुख्यमंत्री को कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया है। वहीं, समिट के आयोजन सचिव पुरुषोत्तम शर्मा ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि समिट नर्सिंग प्रोफेशन में नवाचार और अच्छे कार्यों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को आमंत्रित किया गया है, लेकिन इसके लिए किसी से कोई राशि नहीं ली गई है।

Comment List