एएनटीएफ का डबल अटैक : पाली में एमडी बीकानेर में डोडा-चूरा बरामद, दो आरोपी पकडे़
घर के बंद कमरे का ताला खुलाकर तलाशी
जयपुर। एएनटीएफ ने पाली और बीकानेर जिलों में दो जगह कार्रवाई कर भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ बरामद किए गए हैं। दोनों मामलों में दो आरोपियों को दस्तयाब कर नशा तस्करी के नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है। एएनटीएफ आईजी विकास कुमार ने बताया कि टीमों ने पाली और बीकानेर में दो अलग-अलग अभियानों के दौरान कार्रवाई की है।
पाली: घर में चल रहा था एमडी का खेल : टीम को सूचना मिली कि पाली जिले के माण्डीगढ़ गांव में नरेश और सुभाष प्रजापत अपने घर से नशा सप्लाई चेन चला रहे हैं। टीम ने स्थानीय सादड़ी थाना पुलिस को साथ लेकर तड़के माण्डीगढ़ में नरेश प्रजापत के मकान पर दबिश दी। पुलिस जाप्ते को अचानक सामने देखकर आरोपी नरेश पसीना-पसीना हो गया और घबराने लगा। जब घर के एक बंद कमरे का ताला खुलाकर तलाशी ली गई तो वहां से 6 प्लास्टिक की थैलियों में 100.86 ग्राम अवैध एमडी ड्रग्स और 9.11 ग्राम एमडी में मिलाने वाला पाउडर बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी नरेश प्रजापत को गिरफ्तार कर लिया।
बीकानेर: होटल पर छापा मारा, प्रशिक्षित डॉग ने खोजी खेप - बीकानेर में जयपुर-जोधपुर बाइपास टोल प्लाजा के पास स्थित जगदम्बा होटल में मिली। होटल संचालक परमाराम जाट निवासी सुरनाणा लूणकरणसर के अवैध गतिविधियों में लिप्त होने की सूचना पर जेएनवीसी थाना पुलिस के सहयोग से होटल पर छापा मारा गया।
होटल के बाहर बने छपरे में बैठा संदिग्ध परमाराम पुलिस को देख प्लास्टिक का कट्टा समेटकर भागने लगा, जिसे टीम ने प्रशिक्षितडॉग की मदद से तत्परता से दबोच लिया। कट्टे व परिसर की जांच में 1.750 किलोग्राम अवैध डोडा-चूरा और नशा बिक्री से अर्जित 11 हजार रुपए नकदी बरामद हुई।

Comment List