पूर्व सीएम गहलोत के खाद संकट के बयान पर डॉ. किरोड़ी का पलटवार, बोले- प्रदेश में पर्याप्त खाद उपलब्ध
कालाबाजारी करने पर 11 गिरफ्तार
जयपुर। राजस्थान में खाद की उपलब्धता को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बयान पर कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने पलटवार करते हुए कहा कि राज्य सरकार किसानों की मांग के अनुरूप डीएपी और यूरिया उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में वर्तमान में खाद का पर्याप्त स्टॉक है और केन्द्र सरकार से लगातार आपूर्ति हो रही है। कृषि मंत्री ने बताया कि खरीफ 2026 में डीएपी की 5.10 लाख मीट्रिक टन मांग के मुकाबले 5.45 लाख मीट्रिक टन खाद उपलब्ध कराई है। इसी तरह यूरिया की 11 लाख मीट्रिक टन मांग के मुकाबले 17.15 लाख मीट्रिक टन से अधिक उपलब्धता सुनिश्चित की । वर्तमान में प्रदेश में 1.05 लाख मीट्रिक टन डीएपी और 3.63 लाख मीट्रिक टन यूरिया का स्टॉक मौजूद है। इसके अलावा डीएपी की करीब 35 हजार मीट्रिक टन खेप रास्ते में है, जो 14 अक्टूबर तक किसानों को उपलब्ध हो जाएगी।
18 दिन का डीएपी, 35 दिन का यूरिया स्टॉक : डॉ. मीणा ने कहा कि रबी सीजन की शुरुआत में ही खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की हैं। वर्तमान खपत के आधार पर प्रदेश में 18 दिन का डीएपी और 35 दिन का यूरिया स्टॉक उपलब्ध है।
कालाबाजारी पर सख्ती, 1238 फर्मों को नोटिस : कृषि मंत्री ने बताया कि खाद की कालाबाजारी, जमाखोरी, टैगिंग और अन्य अनियमितताओं के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। वर्ष 2026-27 में अब तक 11770 उर्वरक विके्रताओं का निरीक्षण कर 9585 नमूने लिए। अनियमितताएं मिलने पर 1238 कारण बताओ नोटिस जारी किए गए और 64 विक्रेताओं की बिक्री पर रोक लगाई गई। इसके अलावा 128 फर्मों के प्राधिकार पत्र निलंबित या निरस्त किए, 25 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई और 11 गिरफ्तारियां की। उन्होंने स्पष्ट किया कि नैनो डीएपी और नैनो यूरिया की बिक्री किसानों की इच्छा पर निर्भर है, इन्हें जबरन नहीं बेचा जा सकता है।

Comment List