SMS मेडिकल कॉलेज के फोरेंसिक विभागाध्यक्ष ने की आत्महत्या, घर में फंदे से लटका मिला शव
आत्महत्या के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं
जयपुर। सवाई मानसिंह (एसएमएस) मेडिकल कॉलेज के वरिष्ठ प्रोफेसर एवं फोरेंसिक मेडिसिन विभागाध्यक्ष (एचओडी) डॉ. एन. एल. डिसानिया ने अपने आवास पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना का पता उस समय चला, जब देर रात परिवार के सदस्य घर लौटे और उन्हें कमरे में फंदे से लटका हुआ पाया। जानकारी के अनुसार डॉ. डिसानिया झोटवाड़ा क्षेत्र के अग्रसेन नगर स्थित अपने निवास पर रहते थे। मंगलवार रात परिवार के अन्य सदस्य एक विवाह समारोह में शामिल होने गए थे। देर रात वापस लौटने पर उन्होंने कमरे का दरवाजा खोला तो डॉ. डिसानिया फंदे पर लटके मिले।
परिजन उन्हें तत्काल खातीपुरा स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को एसएमएस अस्पताल की इमरजेंसी में लाया गया, जहां से पोस्टमार्टम के लिए मुर्दाघर भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के कारणों की पड़ताल की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, परिवार के एक सदस्य पर कुछ वर्ष पहले आर्थिक धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ था। बताया जा रहा है कि इस घटना के बाद से डॉ. डिसानिया मानसिक तनाव में रहते थे। हालांकि पुलिस ने आत्महत्या के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Comment List