कोलकाता दौरे पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा : प्रवासी राजस्थानियों से किया संवाद, कहा- समर्पण और योगदान राज्य के नवनिर्माण में अहम
राजस्थानी समाज भाजपा को समर्थन देकर “कमल” खिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा
जयपुर/कोलकाता। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने अपने चुनावी दौरे के दूसरे दिन शनिवार को इस्कॉन हाउस में प्रवासी राजस्थानी समाज के लोगों से संवाद किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अपनी मातृभूमि से दूर रहते हुए भी प्रवासी राजस्थानियों ने अपनी समृद्ध संस्कृति और संस्कारों को जीवंत बनाए रखा है, जो अत्यंत सराहनीय है।
मुख्यमंत्री ने बंगाल के विकास में प्रवासी समाज की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि उनका समर्पण और योगदान राज्य के नवनिर्माण में अहम है। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी पश्चिम बंगाल चुनाव में प्रवासी राजस्थानी समाज भाजपा को समर्थन देकर “कमल” खिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने कोलकाता प्रवास के दौरान सुप्रसिद्ध कालीघाट काली मंदिर में दर्शन-पूजन किया। उन्होंने माँ काली से प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और मंगलमय जीवन की कामना की। मुख्यमंत्री का यह दौरा राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिसमें प्रवासी समुदाय के साथ संवाद के माध्यम से जनसमर्थन मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।

Comment List