ई-श्रम पोर्टल बना असंगठित श्रमिकों का सहारा, राजस्थान में 1.54 करोड़ से अधिक पंजीकरण
महिलाओं की भागीदारी 53.33 प्रतिशत दर्ज की
जयपुर। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी ई-श्रम पोर्टल योजना असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए सामाजिक सुरक्षा का मजबूत माध्यम बनकर उभरी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अंत्योदय के संकल्प को साकार करने वाली इस पहल में राजस्थान भी मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में सक्रिय भागीदारी निभा रहा है। राज्य में अब तक 1 करोड़ 54 लाख 50 हजार 294 श्रमिकों का पंजीकरण हो चुका है। इनमें 82.40 लाख महिलाएं और 72.09 लाख पुरुष शामिल हैं। महिलाओं की भागीदारी 53.33 प्रतिशत दर्ज की गई है, जो उनकी बढ़ती आर्थिक सक्रियता को दर्शाती है।
क्षेत्रवार आंकड़ों में कृषि क्षेत्र सबसे आगे है, जहां 85.99 लाख श्रमिक पंजीकृत हैं। इसके बाद निर्माण क्षेत्र के 24.29 लाख और वस्त्र एवं परिधान उद्योग के 8.02 लाख श्रमिकों ने पंजीकरण कराया है। ई-श्रम पोर्टल पर उपलब्ध ‘वन-स्टॉप-सॉल्यूशन’ के जरिए श्रमिक अब पेंशन, बीमा, स्वास्थ्य, आवास, खाद्य सुरक्षा, कौशल विकास और रोजगार से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही मंच से प्राप्त कर सकते हैं। सरल ऑनलाइन और निःशुल्क पंजीकरण प्रक्रिया के कारण श्रमिकों की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। सरकार का मानना है कि ई-श्रम पोर्टल असंगठित श्रमिकों के सामाजिक और आर्थिक सशक्तीकरण के साथ विकसित राजस्थान-2047 के लक्ष्य को भी मजबूती प्रदान कर रहा है।

Comment List