राजस्थान में भीषण गर्मी का कहर : 4 जिलों में स्कूलों के समय में बदलाव, हीटवेव का अलर्ट
गर्मी से जल्द कुछ राहत मिलने की उम्मीद
गर्मी का कहर तेज, 10+ जिलों में पारा 40°C पार। श्रीगंगानगर 44.5°C के साथ देश में सबसे गर्म रहा। हालात देखते हुए 4 जिलों में स्कूल टाइम बदले। जयपुर मौसम केंद्र ने 5 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया। अगले 3–4 दिन गर्मी जारी रहेगी, लेकिन 25–28 अप्रैल के बीच आंधी-बूंदाबांदी से राहत के आसार हैं।
जयपुर। राजस्थान में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रदेश के 10 से अधिक जिलों में दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। श्रीगंगानगर देश का सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया, जहां अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। तेज गर्मी के असर को देखते हुए 4 जिलों में स्कूलों के समय में भी बदलाव किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने शुक्रवार के लिए 5 जिलों में लू (हीटवेव) का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के पश्चिमी और उत्तर-पूर्वी भागों में अगले 3 से 4 दिनों तक कहीं-कहीं हीटवेव चलने की संभावना है।
इस दौरान उत्तर-पश्चिमी क्षेत्रों में तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। हालांकि, गर्मी से जल्द कुछ राहत मिलने की उम्मीद भी जताई गई है। एक कमजोर वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव से 25 अप्रैल को पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों में तथा 26 से 28 अप्रैल के बीच पश्चिमी और उत्तरी भागों में दोपहर बाद मेघगर्जन, धूलभरी आंधी और हल्की बूंदाबांदी या बारिश की संभावना है। इससे तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है और लोगों को आंशिक राहत मिलने के आसार हैं।

Comment List