सचिवालय में महिला अधिकारी पर गिरा पंखा, बाल-बाल बचीं सेक्शन ऑफिसर
कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई
Rajasthan Secretariat के गृह विभाग में कार्य के दौरान अचानक छत का पंखा गिरने से सेक्शन ऑफिसर सीमा शर्मा घायल। माथे पर हल्की चोट, सचिवालय डिस्पेंसरी में भर्ती। कर्मचारियों ने पुराने पंखों और विद्युत उपकरणों की जांच कर तत्काल बदलने की मांग उठाई।
जयपुर। सचिवालय के गृह विभाग में एक बड़ा हादसा टल गया, जब विभाग के एक सेक्शन में कार्य के दौरान अचानक छत का पंखा गिर गया। हादसे में सेक्शन ऑफिसर (SO) सीमा शर्मा के माथे पर हल्की चोट आई, जिसके बाद तुरंत उन्हें सचिवालय स्थित डिस्पेंसरी ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। जानकारी के अनुसार, सीमा शर्मा अपने सेक्शन में नोटिस जारी करने से संबंधित कार्य कर रही थीं। इसी दौरान अचानक ऊपर लगा पंखा टूटकर उनके ऊपर गिर पड़ा। घटना के बाद सेक्शन में मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई और सभी कर्मी घबरा गए।
हालांकि, राहत की बात यह रही कि चोट गंभीर नहीं बताई जा रही है। घटना के बाद सचिवालय कर्मचारियों में पुराने और खराब पंखों सहित अन्य विद्युत उपकरणों की स्थिति को लेकर चिंता बढ़ गई है। कर्मचारियों ने सचिवालय प्रशासन से खराब पंखों और उपकरणों की तत्काल जांच कर उन्हें बदलने की मांग उठाई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

Comment List