फेडरल रिजर्व की बैठक से पहले ब्याज दर बढ़ोतरी की आशंका प्रबल, बांड यील्ड में तेजी; गहरी मंदी से उपभोक्ता असमंजस में
चांदी जनवरी के शिखर से 2.24 लाख और सोना 45,500 रुपये टूट चुका
जयपुर। अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेज नरमी और अमेरिकी फेडरल रिजर्व की इस माह होने वाली महत्वपूर्ण बैठक से पहले ब्याज दर बढ़ाने की प्रबल आशंका के चलते जयपुर सर्राफा बाजार में सोमवार को सोना और चांदी दोनों कीमती धातुओं में जोरदार गिरावट दर्ज की गई। चांदी 6,000 रुपये सस्ती होकर 1,75,500 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई, जबकि शुद्ध सोना 2,000 रुपये फिसलकर 1,38,500 रुपये प्रति दस ग्राम पर आ गया। जेवराती सोना भी 1,500 रुपये टूटकर 1,28,500 रुपये प्रति दस ग्राम रह गया।
सर्राफा ट्रेडर्स कमेटी जयपुर के महामंत्री मातादीन सोनी ने बताया कि लगातार गहराती वैश्विक मंदी और उपभोक्ताओं में व्याप्त असमंजस ने कीमती धातुओं पर भारी दबाव डाला है। चांदी जनवरी 2026 के अपने उच्चतम स्तर 4,00,000 रुपये प्रति किलोग्राम से अब तक 2,24,500 रुपये गिर चुकी है। सोना भी अपने शिखर 1,84,000 रुपये से 45,500 रुपये लुढ़ककर 1,38,500 रुपये पर पहुंच गया है। बांड यील्ड में मार्च तक के लिए ब्याज दर बढ़ने के संकेत मिलने से निवेशकों की परेशानी और बढ़ गई है। कई छोटे निवेशक घाटे में फंसने से चिंतित दिखे।
इतिहास गवाह है कि चांदी को हमेशा चंचल धातु माना गया है। वर्ष 1980 में भी चांदी अपने उच्चतम स्तर से लगभग 75 प्रतिशत तक टूट गई थी। वर्तमान गिरावट ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि चांदी में उतार-चढ़ाव बहुत तेज होता है। सर्राफा व्यापारियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में डॉलर की मजबूती और ब्याज दर बढ़ोतरी की आशंका ने सोना-चांदी दोनों को कमजोर किया है।
जयपुर के प्रमुख सर्राफा व्यापारियों ने बताया कि हाजिर बाजार में खरीदारी की रफ्तार सामान्य बनी रही, लेकिन निवेशक सतर्क नजर आए। कई ज्वेलर्स ने कहा कि शादी-विवाह के मौसम में भी मांग अपेक्षा से कमजोर है। बाजार में अनुमानित भाव इस प्रकार रहे:
चांदी- 1,75,500 रुपये प्रति किलोग्राम
शुद्ध सोना- 1,38,500 रुपये प्रति दस ग्राम
जेवराती सोना- 1,28,500 रुपये प्रति दस ग्राम
18 कैरेट- 1,08,000 रुपये
14 कैरेट- 85,900 रुपये
विशेषज्ञों का मानना है कि फेडरल रिजर्व की बैठक के नतीजे और वैश्विक आर्थिक हालात पर नजर रखना जरूरी होगा। यदि ब्याज दर में बढ़ोतरी होती है तो सोना-चांदी पर और दबाव बढ़ सकता है। फिलहाल, निवेशकों को सलाह दी जा रही है कि वे जल्दबाजी में कोई बड़ा फैसला न लें और बाजार के रुख को ध्यान से देखें।

Comment List