सांपों का डर होगा दूर, जयपुर में होगी राष्ट्रीय सरीसृप जागरूकता कार्यशाला
रेस्क्यूर्स और वन्यजीव प्रेमी होंगे शामिल
जयपुर। मानसून के दौरान सांप, गोह (मॉनिटर लिजार्ड) और बिच्छू बड़ी संख्या में बाहर निकलते हैं। ऐसे में आम लोगों में भय और भ्रम की स्थिति बन जाती है। इसी डर को दूर करने और लोगों को सही जानकारी व व्यवहारिक प्रशिक्षण देने के उद्देश्य से ईको रेस्क्यूअर्स फाउंडेशन की ओर से 26 जुलाई को जयपुर के मालवीय कॉन्वेंट स्कूल में राष्ट्रीय सरीसृप जागरूकता कार्यशाला आयोजित की जाएगी। संस्था के सचिव डॉ. गौरव चौधरी ने बताया कि कार्यशाला का उद्देश्य लोगों में वन्यजीवों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं को कम करना है।
कार्यक्रम में देश के अनुभवी वन्यजीव विशेषज्ञ प्रतिभागियों को सर्पदंश से बचाव के शुरुआती उपाय, जीवन रक्षक प्राथमिक सहायता (बेसिक लाइफ सपोर्ट), सुरक्षित रेस्क्यू तकनीकें तथा सांपों और गोह से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी देंगे। इस राष्ट्रीय स्तर की कार्यशाला में राजस्थान सहित विभिन्न राज्यों से वन्यजीव संरक्षण से जुड़ी संस्थाओं के प्रतिनिधि, वन्यजीव रेस्क्यूकर्ता, वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, पशु चिकित्सक और वन्यजीव प्रेमी भाग लेंगे।

Comment List