त्योहारी रंगत दिखने लगी...गुलाबी शहर के बाजार, खरीददारों से गुलजार
बाजार में दिनभर लोगों की आवाजाही
जयपुर। त्योहारों की दस्तक और देवउठनी एकादशी के साथ मांगलिक कार्यों की शुरुआत को लेकर गुलाबी नगरी के बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। आगामी पर्यटन सीजन को देखते हुए भी शहर के प्रमुख बाजारों में चहल-पहल का माहौल नजर आ रहा है। खरीदारी के लिए पहुंच रहे लोगों की आवाजाही के चलते कई स्थानों पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। शहर के प्रमुख केंद्र जौहरी बाजार त्रिपोलिया बाजार बड़ी चौपड़ हवामहल बाजार रामगंज बाजार चांदपोल बाजार और गणगौरी बाजार में दिनभर लोगों की आवाजाही बनी हुई है।
बाजारों में बढ़ती भीड़ के कारण कई जगह जाम जैसे हालात बन रहे है, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। देवउठनी एकादशी के बाद शादियों और अन्य मांगलिक आयोजनों का सिलसिला शुरू होने की उम्मीद से व्यापारियों को कारोबार में तेजी आने की आस है। पर्यटन सीजन के दौरान जयपुर आने वाले पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही से भी बाजारों की रौनक बढ़ने की संभावना है। ऐसे में आगामी दिनों में शहर के बाजारों में और अधिक चहल-पहल देखने को मिल सकती है।

Comment List