जयपुर सेंट्रल जेल में कैदियों के बीच झगड़ा, दंडित बंदी से मारपीट का मामला दर्ज
विचाराधीन बंदियों ने एक दंडित बंदी के साथ मारपीट कर दी
जयपुर सेंट्रल जेल में कैदियों के बीच विवाद हिंसक हो गया। वार्ड-11 में मामूली कहासुनी के बाद दो विचाराधीन बंदियों ने दंडित कैदी शशी भारती के साथ मारपीट की। जेल प्रशासन ने हस्तक्षेप कर स्थिति संभाली और लालकोठी थाने में दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया।
जयपुर। सेंट्रल जेल में बंद कैदियों के बीच आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद विचाराधीन बंदियों ने एक दंडित बंदी के साथ मारपीट कर दी। घटना के बाद जेल प्रशासन ने लालकोठी थाने में मामला दर्ज कराया है।
पुलिस के अनुसार, जयपुर सेंट्रल जेल के प्रहरी जनक राज सिंह (46) की ओर से रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है। मालवीय नगर के मांडल टाउन निवासी दंडित बंदी शशी भारती के साथ जेल के वार्ड नंबर-11 की सेल-2 में बंद विचाराधीन कैदी पुनित और नरेन्द्र ने मारपीट की।
घटना 18 जनवरी की है, जब शशी भारती की किसी मामूली बात को लेकर पुनित और नरेन्द्र से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों विचाराधीन बंदियों ने दंडित बंदी के साथ जमकर मारपीट कर दी।
कैदियों के झगड़े की जानकारी मिलते ही जेल में तैनात जवान मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करते हुए तीनों को अलग किया। इसके बाद दंडित बंदी शशी भारती की ओर से जेल प्रशासन को शिकायत दी गई, जिसके आधार पर दोनों विचाराधीन बंदियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

Comment List