359 गैस सिलेंडर लेकर जा रहे ट्रक के केबिन में लगी आग, जनहानि नहीं
चालक ने सूझबूझ दिखाकर बचाई जान
जयपुर। रिंग रोड पर रविवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब 359 एलपीजी गैस सिलेंडरों से भरे एक ट्रक के केबिन में अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठती देख करौली के सपोटरा निवासी चालक भूर सिंह ने बिना देर किए ट्रक को सड़क किनारे रोका और बाहर निकल गाया, जिससे उसकी जान बच गई। सूचना मिलते ही सांगानेर सदर थाना पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची और दस मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। पुलिस के अनुसार घटना दोपहर करीब 3:30 बजे रिंग रोड पर हुई।
अलवर से एलपीजी गैस सिलेंडर लेकर ट्रक सीतापुरा गैस प्लांट की ओर जा रहा था। रास्ते में अचानक ट्रक के केबिन से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग की लपटें निकलने लगी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एहतियात के तौर पर रिंग रोड के दोनों ओर यातायात रोक दिया। इससे कुछ देर के लिए वाहन चालकों में भी दहशत का माहौल बन गया। बाद में चालक ने बताया कि ट्रक में रखे सभी 359 एलपीजी सिलेंडर खाली थे। यह जानकारी मिलने के बाद पुलिस और राहत दल ने चैन की सांस ली। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी माना जा रहा है।

Comment List