एफएमजीई में हुए फेल : 15 से 20 लाख देकर बनवाए फर्जी प्रमाणपत्र, पांच डॉक्टर गिरफ्तार
100 से अधिक डॉक्टर एसओजी के रडार पर
जयपुर। विदेश से एमबीबीएस की डिग्री लेकर भारत लौटे पांच युवकों ने मेडिकल प्रैक्टिस के लिए जरूरी एफएमजीई परीक्षा पास नहीं की, लेकिन फर्जी प्रमाणपत्रों के जरिए राजस्थान मेडिकल काउंसिल में पंजीयन और मेडिकल कॉलेजों में इंटर्नशिप हासिल कर ली। एसओजी ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन्होंने 15 से 20 लाख रुपए देकर एफएमजीई परीक्षा के कूटरचित स्क्रीनिंग टेस्ट प्रमाणपत्र बनवाए थे। एसओजी अब तक ऐसे 100 से अधिक विदेशी मेडिकल स्नातकों को चिह्नित कर चुकी है। एसओजी एडीजी विशाल बंसल ने बताया कि विदेश से एमबीबीएस करने वाले विद्यार्थियों को भारत में चिकित्सा अभ्यास के लिए एफएमजीई परीक्षा पास करना जरूरी है। आरोपियों ने परीक्षा में असफल होने के बावजूद फर्जी प्रमाणपत्रों के आधार पर इंटर्नशिप और पंजीयन हासिल किया।
पांच आरोपियों ने ऐसे हासिल की इंटर्नशिप :
सत्यप्रकाश खापरवाल (30) निवासी बानसूर कोटपूतली-बहरोड़ ने चीन की सूजो मेडिकल यूनिवर्सिटी से 2013 से 2019 तक एमबीबीएस किया। भारत लौटकर कई बार एफएमजीई परीक्षा दी, लेकिन पास नहीं हुआ। आरोप है कि हेमंत यादव की मदद से दिसंबर 2023 की परीक्षा का फर्जी प्रमाणपत्र 15 लाख रुपए में बनवाया और स्थायी पंजीयन के लिए आवेदन किया।
जयप्रकाश (31) निवासी बानसूर कोटपूतली-बहरोड़ ने भी अपने भाई सत्यप्रकाश के साथ चीन से एमबीबीएस किया था। करीब सात बार एफएमजीई परीक्षा में असफल होने के बाद उसने भी हेमंत यादव के जरिए 15 लाख रुपए में फर्जी प्रमाणपत्र बनवाकर पंजीयन के लिए आवेदन किया।
विमल यादव (28) निवासी प्रागपुरा कोटपूतली-बहरोड़ ने कजाकिस्तान से एमबीबीएस किया था। एफएमजीई में असफल रहने पर हेमंत यादव की मदद से 20 लाख रुपए में फर्जी प्रमाणपत्र बनवाया और राजकीय मेडिकल कॉलेज अलवर में इंटर्नशिप शुरू कर दी।
विश्वेन्द्र सिंह चेची (29) निवासी गणेश नगर दौसा ने कजाकिस्तान से एमबीबीएस किया था। परीक्षा में असफल होने के बाद इंद्रराज गुर्जर की मदद से 20 लाख रुपए में फर्जी प्रमाणपत्र बनवाया। इसके आधार पर राजकीय मेडिकल कॉलेज धौलपुर में इंटर्नशिप पूरी की और मेडिकल काउंसिल से प्रोविजनल पंजीयन भी हासिल कर लिया था। मामला सामने आने पर पंजीयन निरस्त कर दिया गया।
दिशांत टेलर (28) निवासी गांगड़तलाई बांसवाड़ा ने कजाकिस्तान से एमबीबीएस किया था। एफएमजीई में असफल होने के बाद जयपुर निवासी यतीन्द्र पटेल की मदद से 20 लाख रुपए में फर्जी प्रमाणपत्र बनवाया और राजकीय मेडिकल कॉलेज दौसा में इंटर्नशिप शुरू कर दी।
38 आरोपी पहले हो चुके गिरफ्तार :
एसओजी के आईजी अजयपाल लांबा के नेतृत्व में डीएसपी जितेन्द्र नावरीया ने मामले की जांच की। जांच में 100 से अधिक विदेशी मेडिकल स्नातकों को चिह्नित किया है। इनमें राजस्थान मेडिकल काउंसिल के तत्कालीन रजिस्ट्रार डॉ. राजेश शर्मा, यूडीसी अखिलेश माथुर, एलडीसी फरहान हसन और मुख्य आरोपी भानाराम माली सहित 38 लोग पहले गिरफ्तार हो चुके हैं। भानाराम माली, शुभम गुर्जर, इंद्रराज गुर्जर और अन्य लोगों के जरिए फर्जी प्रमाणपत्र बनवाने तथा पंजीयन कराने के लिए प्रति व्यक्ति 20 से 30 लाख रुपए तक वसूले जाते थे।

Comment List