दिल्ली और चंडीगढ़ में खराब मौसम का असर, पांच उड़ानें जयपुर डायवर्ट
मौसम की स्थिति में सुधार होने का इंतजार
जयपुर। दिल्ली और चंडीगढ़ में खराब मौसम के कारण कई उड़ानों के संचालन पर असर पड़ा। मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों और कम दृश्यता के चलते दिल्ली एयरपोर्ट पर विमानों की लैंडिंग में परेशानी आने लगी, जिसके बाद चार उड़ानों को जयपुर एयरपोर्ट पर डायवर्ट किया गया। जयपुर एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार इंडिगो की गोवा से दिल्ली, इंडिगो की कोलकाता से दिल्ली, इंडिगो की बेंगलुरु से दिल्ली तथा एयर इंडिया की चेन्नई से दिल्ली उड़ान को सुरक्षित रूप से जयपुर एयरपोर्ट पर उतारा गया।
इसके अलावा चंडीगढ़ में भी मौसम खराब होने के कारण इंडिगो की गोवा से चंडीगढ़ उड़ान को जयपुर डायवर्ट करना पड़ा। एक साथ कई विमानों के जयपुर पहुंचने से एयरपोर्ट पर परिचालन गतिविधियां बढ़ गईं। एयरपोर्ट अधिकारियों और एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने सभी विमानों की सुरक्षित लैंडिंग सुनिश्चित की। यात्रियों को विमान में ही इंतजार कराया गया तथा मौसम की स्थिति में सुधार होने का इंतजार किया गया। करीब तीन घंटे बाद दिल्ली और चंडीगढ़ में मौसम सामान्य होने पर सभी डायवर्ट की गई उड़ानों को उनके निर्धारित गंतव्यों के लिए रवाना कर दिया गया।

Comment List