पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का भाजपा सरकार पर हमला, कहा- हमारी बेटियां असुरक्षित तो जवाबदेही किसकी
सरकार विज्ञापनों और राजनीतिक जोड़-तोड़ से बाहर
प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भाजपा सरकार को घेरते हुए बहन बेटियों की सुरक्षा के मामले को उठाया। गहलोत ने कहा है कि राजस्थान में कानून-व्यवस्था पूरी तरह वेंटिलेटर पर है और सरकार कुंभकर्णी नींद सो रही।
जयपुर। प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भाजपा सरकार को घेरते हुए बहन बेटियों की सुरक्षा के मामले को उठाया है। गहलोत ने कहा है कि राजस्थान में कानून-व्यवस्था पूरी तरह वेंटिलेटर पर है और सरकार कुंभकर्णी नींद सो रही है। भाजपा के शासन में एनसीआरबी के 2024 के आंकड़े गवाह हैं कि देश में दुष्कर्म के मामलों में राजस्थान नंबर एक है, और आज ज़मीनी हालात और भी खौफनाक हो चुके हैं। चाहे जयपुर हो, दौसा, अलवर या बांसवाड़ा, प्रदेश का कोई कोना सुरक्षित नहीं बचा।
मासूम बच्चियों को घरों और बाड़ों से अगवा किया जा रहा है। हद तो तब हो जाती है जब न्याय मांगने गई पीड़ित बेटियों को पुलिस समझौते का दबाव बनाती है और वो आत्महत्या को मजबूर हो जाती हैं। क्या भाजपा सरकार में अपराधियों का खौफ पूरी तरह खत्म हो चुका है। रक्षक ही भक्षक क्यों बन रहे हैं। सरकार विज्ञापनों और राजनीतिक जोड़-तोड़ से बाहर निकले। राजस्थान की जनता को जवाब दीजिए हमारी बेटियाँ असुरक्षित हैं, इसके लिए किसकी जिम्मेदारी है।

Comment List